शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा संचालित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित हेतु सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूर्ण I
शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा संचालित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित हेतु सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूर्ण
डीएम कौशल कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों,पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को संयुक्त रूप से किया ब्रीफिंग
सम्पूर्ण परीक्षा अवधि में सभी परीक्षा केंद्रों के आस-पास धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा होगी लागू
किसी भी हाल में 11:00 बजे पूर्वाह्न के बाद किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नही-डीएम
किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट,आदि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री या व्हाइटनर, इरेज़र अथवा ब्लेड जैसी सामग्री को लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी
किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पाए जाने पर उसे कदाचार मानते हुए अविलम्ब आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी
सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी के द्वारा भी रखी जायेगी कड़ी नजर
परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक एवं जैमर की व्यवस्था
दरभंगा,12 सितम्बर 2025:- जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने स्थानीय प्रेक्षागृह, लहेरियासराय में बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा संचालित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा में प्रतिनियुक्त केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग पटना द्वारा संचालित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 13 सितम्बर 2025 (शनिवार) को 12:00 बजे मध्याह्न से 2:00 बजे अपराह्न तक एक पाली में दरभंगा जिला के शहरी क्षेत्र स्थित निर्धारित 39 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा जिला पदाधिकारी, दरभंगा को परीक्षा संयोजक बनाया गया है।
उक्त परीक्षा को दरभंगा जिला में स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं सुचारु पूर्वक संचालित करने के लिए आयोग के निर्देशालोक में अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर को सहायक परीक्षा संयोजक, जबकि भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर दरभंगा संजीत कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर दरभंगा विकास कुमार एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सदर- 1, दरभंगा रहेंगे और वे इस परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं सुचारुपूर्वक संचालित कराएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा को स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संपन्न करने के लिए परीक्षा केन्द्रों को 19 जोन में विभक्त करते हुए जोनल दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा 39 स्टैटिक दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
ब्रीफिंग के दौरान अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि एक बेंच पर दो से अधिक परीक्षार्थी नहीं बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि वीक्षक दो लेवल पर जांच करना सुनिश्चित करेंगे। सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर वाले कर्मी पर पैनी नजर बनाए रखना है।।
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरा पर नजर बनाए रखने को लेकर जिला स्तर से भी डाटा इंट्री ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने सेक्टर पदाधिकारी को परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया,परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन नहीं लेकर जाएंगे। परीक्षा कक्ष में एक पुरुष वीक्षक एवं एक महिला वीक्षक की प्रतिनियुक्ति रैंडमाइजेशन के माध्यम से करने का निर्देश दिया।
परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों को अपने साथ ई-एडमिट कार्ड लेकर उपस्थित होना है, जिसे परीक्षा अवधि में वीक्षक को हस्ताक्षरित करते हुए समर्पित करना है।
उन्होंने कहा कि कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन के मद्देनजर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री या व्हाइटनर, इरेज़र अथवा ब्लेड जैसी सामग्री को लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पाए जाने पर उसे कदाचार मानते हुए विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी एवं वीडियो ग्राफी के द्वारा कड़ी निगरानी की जाएगी तथा सभी केन्द्रों पर बायोमैट्रिक व जैमर के इंतजाम रहेंगे।
सम्पूर्ण परीक्षा अवधि में सभी परीक्षा केंद्रों के आस- पास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थी की सघन की फ्रिस्किंग के साथ फोटो एवं पहचान पत्र के साथ मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि 11:00 बजे पूर्वाह्न के बाद किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र में प्रवेश 9:30 बजे पूर्वाह्न से प्रारंभ होगा एवं 11:00 बजे पूर्वाह्न तक सभी अभ्यर्थी अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला साइबर सेल सोशल मीडिया पर लगातार कड़ी नजर रख रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह ,भ्रामक तथ्यहीन खबर पाए जाने पर संबधित के विरुद्ध कड़ी करवाई भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा अवधि की समाप्ति के पूर्व किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा भवन छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी, चाहे उसने अपने उत्तर पत्रक वीक्षक के पास जमा ही क्यों न कर दी हो। अभ्यर्थी अपने समक्ष OMR Answer Sheet सील करने के पश्चात ही कक्षा को छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार जोनल दण्डाधिकारी, स्टैटिक दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति रेण्डमाईजेशन से की गई है, वे ससमय अपने कर्त्तव्य पर उपस्थित होकर दिए गए दायित्व का निर्वहन आयोग के अनुदेश/निर्देश के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि दिव्यांग अभ्यर्थियों को यथा-संभव भू-तल पर परीक्षा में बैठने की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।
उक्त ब्रीफिंग में सहायक समाहर्ता के परीक्षित,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्णानंद सदा आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें