दरभंगा जिले में 48 स्थानों पर आयोजित हुआ सहयोग शिविर
मनीगाछी प्रखंड के राजे पंचायत भवन में डीएम एवं एसएसपी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ सहयोग शिविर
दरभंगा : आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड अंतर्गत राजे पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किये। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आज पूरे दरभंगा जिले में कुल 48 स्थानों पर सहयोग शिविर आयोजित किए गए । उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इससे लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा उनकी शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रत्येक विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा प्राप्त आवेदनों की संख्या एवं उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें