Bihar Crime: दारोगा बनने में फेल, 7 साल तक पुलिस अफसर बनकर देता रहा झांसा, पटना जंक्शन से फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार....
पटना: बिहार की राजधानी पटना से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सात साल तक खुद को पुलिस का दारोगा बताकर परिवार, रिश्तेदार और ससुराल वालों को धोखा देने वाला एक शातिर युवक आखिरकार रेल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ट्रेनों में पुलिस की वर्दी पहनकर यात्रियों पर रौब जमाता था और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। शनिवार को पटना जंक्शन पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
परीक्षा में असफल हुआ तो बना फर्जी दारोगा
गिरफ्तार युवक की पहचान जहानाबाद निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने वर्ष 2019 में दारोगा भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन सफल नहीं हो सका। समाज और ससुराल में सम्मान बनाए रखने के लिए उसने झूठ बोल दिया कि उसकी पुलिस विभाग में नौकरी लग गई है। इसके बाद वह वर्षों तक खुद को दारोगा बताकर लोगों को गुमराह करता रहा।
पुलिस की वर्दी पहनकर करता था चोरी
रेल पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रेनों में सफर करता था। वर्दी का रौब दिखाकर यात्रियों का भरोसा जीतता और मौका मिलते ही उनका सामान लेकर फरार हो जाता। पुलिस को लंबे समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पटना जंक्शन पर जाल बिछाया गया, जहां बंदे भारत एक्सप्रेस से उतरते ही उसे दबोच लिया गया।
मोबाइल में मिली वर्दी वाली तस्वीरें
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से पुलिस की वर्दी पहने कई तस्वीरें मिलीं। उसके पास से फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल और बीएमपी के एक हवलदार से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि ये दस्तावेज उसके पास कैसे पहुंचे।
सात साल तक किसी को नहीं हुआ शक
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 में उसकी शादी हुई थी और तब से परिवार व ससुराल वाले उसे असली दारोगा ही मानते रहे। किसी को उसके फर्जीवाड़े की भनक तक नहीं लगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें