दरभंगा पुलिस के पांच कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित कर दी गई भावभीनी विदाई
दरभंगा | दरभंगा जिला पुलिस बल में कार्यरत पांच पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को उनके लंबे, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में घनश्यामपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक नरेश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक मो. मोइद खां, हवलदार काशीकांत ठाकुर तथा हवलदार अंजार अहमद खां शामिल हैं। ये सभी पुलिस केंद्र, दरभंगा से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे।
विदाई समारोह के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मियों को प्रशस्ति एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके सेवांत लाभ की राशि निकासी से संबंधित प्रमाण पत्र भी सौंपे। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में इन सभी कर्मियों ने लंबे समय तक निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनकी सेवाएं विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेंगी।
समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी सेवानिवृत्त साथियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई देने के साथ हुआ।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें